ट्वीट कर सीएम भूपेश बघेल बोले-धर्म की आड़ में इन लोगों ने हमारे बच्चों को क्या बना दिया

रायपुर में हुए बजरंग दल के प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी ने मुख्यमंत्री के लिए अपशब्द कहा है, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है। भूपेश बघेल ने खुद ट्वीट कर इस वीडियो पर अपनी प्रतिक्रिया दी है
बुधवार को राजधानी के भगत सिंह चौक में विश्व हिन्दू परिषद् और बजरंग दल का एक प्रदर्शन चल रहा था, जिसमें कर्नाटक कांग्रेस के घोषणा पत्र में PFI की तर्ज पर बजरंग दल को बैन करने का ऐलान किया गया है। इस मुद्दे को लेकर पूरे देश में जमकर सियासत हो रही है।
रायपुर में भी इसे लेकर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला दहन करने पहुंचे थे और सोशल मीडिया में वायरल हो रहा वीडियो भी इसी प्रदर्शन का बताया जा रहा है।

प्रदर्शनकारी लड़के का वीडियो शेयर कर सीएम भूपेश बघेल ने लिखा है कि भगवान राम का नाम लेने से परहेज कर रहा ये बच्चा मुझे गाली दे रहा है। यह बजरंग दल का सदस्य है। धर्म की आड़ में इन लोगों ने हमारे बच्चों को क्या बना दिया है देखिए। मैं इस बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं। ईश्वर सभी बच्चों को हनुमान जी की तरह ज्ञानवान और बलवान बनाए। प्रदर्शन के इस वीडियो को शेयर किए जाने के बाद इसे लेकर आने वाले दिनों में सियासी घमासान भी देखने को मिल सकता है।



