The Kerala Story: ‘लव जिहाद’ के 26 पीड़ितों की मीडिया के सामने परेड, निर्माता ने सौंपा 51 लाख रुपये का चेक

फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ राजनीतिक दलों का दावा है कि इस फिल्म के जरिए मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाई जा रहा है। तो वहीं कुछ राजनीतिक दलों ने केरल की 32 हजार महिलाओं को इस्लाम में शामिल किए जाने व उन्हें आईएसआईएस में भर्ती किए जाने के फिल्म निर्माताओं के दावे पर सवाल उठाया। बुधवार को ‘द केरल स्टोरी’ के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने मुंबई में 26 ऐसे पीड़ितों को मीडिया के सामने पेश किया जिन्हें कथित तौर पर आईएसआईएस में भर्ती करने के लिए प्रेरित किया गया था। इस मौके पर फिल्म के निर्माता ने मुस्लिम धर्म अपनाने वालों को वापस सनातन धर्म में लाने का कार्य कर रही एक संस्था को 51 लाख रुपये की सहयोग राशि का चेक भी सौंपा।
मुंबई में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने कहा, ‘हमारी फिल्म को प्रोपेगेंडा कहा गया, दर्शकों ने उन्हें इसका जवाब दिया है। इन आरोपों के बावजूद हमने यह सुनिश्चित किया है कि हमने जो कुछ भी कहा है वह सच है। फिल्म का जो होना है वह तो होगा ही,लेकिन हमारा उद्देश्य अब बेटियों को बचाना है। हमने अपनी फिल्म में तीन महिला पात्रों के जरिए 32 हजार महिलाओं की कहानी सुनाई। लोगों ने इस संख्या को लेकर हमें बदनाम करने की कोशिश की। हमारा कहना यही रहा है कि फिल्म की तीन मुख्य महिला पात्रों के माध्यम से हम 32 हजार युवतियों की कहानी दिखा रहे हैं।’



