Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में फिर बढ़ने लगी तेज गर्मी दिन का तापमान 44 डिग्री के करीब पहुंचा

प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तेज गर्मी पड़ने लगी है। मौसम पूरी तरह शुष्क है। उत्तर-पश्चिम भारत से आ रही गर्म हवा से पूरा प्रदेश तपने लगा है। सोमवार को रायपुर समेत ज्यादातर जगहों पर दिन का तापमान 43 डिग्री तक पहुंच गया।

रायगढ़ के सारंगढ़ में दिन का तापमान सबसे ज्यादा 43.7 डिग्री तक रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव में दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री ज्यादा है। इस स्थिति में आमतौर पर लू चलने लगती है।

प्रदेश में फिलहाल कोई मजबूत सिस्टम नहीं है। इसलिए हवा की दिशा समुद्र की ओर से न होकर उत्तर-पश्चिमी है। इस तरफ से आ रही शुष्क हवा प्रदेश के वातावरण को गर्म कर रही है। सभी संभागों में दिन का तापमान बढ़ गया है। राजधानी रायपुर में पारा 42.6 डिग्री रिकार्ड किया गया।

यह नार्मल से तीन डिग्री अधिक है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भी पारा 42.8 डिग्री तक पहुंच गया। पेंड्रारोड, अंबिकापुर, दुर्ग और जगदलपुर में पारा 40 डिग्री के आसपास रिकार्ड किया गया। राजनांदगांव में पारा 43 डिग्री और सामान्य से छह अधिक दर्ज किया गया।

मौसम शुष्क रहेगा
मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में अभी मौसम शुष्क रहेगा। उत्तर-पश्चिम से शुष्क हवा का आना लगातार बना रहेगा। दिन के तापमान में वृद्धि होगी। रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43 और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button