Chhattisgarh

खाड़ी से आए बादल हावी:छत्तीसगढ़ में आज और कल अंधड़ के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी

दो द्रोणिकाओं ने छत्तीसगढ़ में तेज गर्मी की शुरुआत माने जाने वाले अप्रैल के पहले हफ्ते को भी ठंडा कर रखा है। पिछले तीन दिन से अंधड़ और बौछारों का मौसम है ही, वैज्ञानिकों ने गुरुवार-शुक्रवार तक प्रदेश में अलग-अलग जगह अंधड़ के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है। बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्से में ऐसे ही हालात रहे हैं। जगदलपुर समेत बस्तर में कई जगह दोपहर में अच्छी बारिश हुई। रायपुर समेत मैदानी इलाकों में छोटे-छोटे पैच में बौछारें पड़ीं और बाकी जगह बूंदाबांदी चली।

इससे पहले, बुधवार को दोपहर का तापमान कुछ बढ़ा और रायपुर में 37 डिग्री से ऊपर चला गया। इस माह यह अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है। राज्य के कई इलाकों में गर्मी के शुरुआती दिनों से ही मौसम बदला हुआ है। गर्मी अब तक गायब है, इसकी जगह बादल छाए हैं, अंधड़ चल रहे हैं और बारिश हो रही है। रायपुर में बुधवार को भी दोपहर के बाद बादल छाए और कुछ इलाकों में बूंदाबांदी से हवा ठंडी हो गई। बस्तर में जगदलपुर समेत कुछ इलाकों में अंधड़ के साथ थोड़ी देर बारिश हुई।

तेज गर्मी वाले अप्रैल में बादल और बारिश इसलिए

मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के विज्ञानियों के अनुसार एक द्रोणिका छत्तीसगढ़ के मध्य भाग से दक्षिण तमिलनाडु तक 0.9 किमी ऊंचाई पर बनी हुई है। दूसरी उत्तर-पूर्व बंग्लादेश से उत्तरी ओडिशा तक 0.9 किमी की ऊंचाई तक है। दोनों ही छत्तीसगढ़ से गुजर रही हैं और खाड़ी से बादलों को खींच रही हैं। इसीलिए प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से काफी नमी आ रही है। यही नहीं, ज्यादा नमी आने से हवा की गति भी अनियमित हो रही है। अगले 48 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होगी। अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

गेहूं-चने के साथ सब्जी को नुकसान: विशेषज्ञ
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार बेमौसम बारिश के कारण रबी की फसल खासकर गेहूं व चना को काफी नुकसान हो रहा है। दोनों ही फसलों को काटने का समय आ गया है। अगर ये खेत में कटकर छोड़े गए हैं, तो भी नुकसान है। बारिश से खेतों में पानी भरने का खतरा है, ऐसे में सब्जी को नुकसान हो सकता है। कीड़े लगने की सूचनाएं भी आने लगी हैं।

रायपुर: दिन में तेज धूप से पारा भी चढ़ा

राजधानी में मंगलवार की तुलना में बुधवार को अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। दोपहर का तापमान 37.4 डिग्री रहा। जबकि 24 घंटे पहले यह 37.1 डिग्री था। यह प्रदेश में सबसे रहा। गर्मी के सीजन में ऐसा पहली बार हुआ है, जब तापमान 37 के पार हुआ है। दूसरी ओर न्यूनतम तापमान में 1.2 डिग्री की कमी आई और बुधवार की सुबह तापमान 24.5 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसी तरह, जगदलपुर में बुधवार को तड़के तथा दिन में बारिश हुई। वहां 24 घंटे में 5.8 मिमी पानी बरसा। मौसम विभाग ने गुरुवार और शुक्रवार (6-7 अप्रैल) को भी कुछ स्थानों पर अंधड़ और बारिश की संभावना जताई है। कहीं-कहीं गाज गिर सकती है, जिसका अलर्ट जारी किया गया है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button