छत्तीसगढ़:रेलवे 20 अप्रैल के बाद लेगा ब्लाक,रायपुर रेलवे स्टेशन में पहली बार ऐसा होगा कि 24 घंटे तक एक भी ट्रेन नहीं गुजरेगी

रायपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार 24 घंटे तक एक भी ट्रेन नहीं गुजरेगी। रायपुर स्टेशन के इतिहास में पहली बार ऐसा होगा जब 24 घंटे तक एक भी गाड़ी नहीं गुजरेगी। इसकी वजह है कि रेलवे प्लेटफार्म क्रमांक 7, आरआरआई केबिन, फुट ओवरब्रिज और वाल्टियर लाइन को जोड़ने का काम करेगा। रायपुर डीआरएम संजीव कुमार ने रेलवे बोर्ड को पत्र लिखकर 20 अप्रैल के बाद 24 घंटे के लिए ब्लॉक की अनुमति मांगी है।
इस दौरान रेलवे ज्यादातर गाड़ियों को रद्द करेगा तो कुछ को सरोना स्टेशन से डायवर्ड करेगा। रेलवे बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही नान इंटरलाकिंग की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। नान इंटरलाकिंग का काम पूरा होने के बाद फुट ओवरब्रिज, प्लेटफार्म क्रमांक की सुविधा यात्रियों को मिलने लगेगी। मंडल ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। बोर्ड से हरी झंडी मिलने का इंतजार है।
रायपुर रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म क्रमांक 7, फुट ओवरब्रिज, आरआर आई केबिन की नई बिल्डिंग बनकर तैयार है। आरआर आई केबिन और प्लेटफार्म क्रमांक 7 को जोड़ने के लिए ब्लॉक लेना पड़ेगा। मंडल ने इसके पहले तीन दिन का ब्लॉक लेने का निर्णय लिया था। इस दौरान कुछ गाड़ियों को सरोना से और कुछ रायपुर स्टेशन चलाने की योजना थी।
इससे गाड़ियां घंटों देरी से चलती। इससे यात्रियों को घंटों ट्रेन में गुजारना पड़ता तो वहीं रेलवे का भी नुकसान होता। इसलिए रेलवे ने तीन दिन के बजाय 24 घंटे का ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। 24 घंटे तक रायपुर स्टेशन से एक भी गाड़ी नहीं गुजरेगी।
डीआरएम ने 20 अप्रैल के बाद 24 घंटे के ब्लाक की अनुमति मांगी है। बोर्ड ब्लाक की अनुमति देने से 48 घंटे पहले मंडल को समय देता है, जिससे तैयारी हो सके। नान इंटरलाकिंग के दौरान करीब 400 मजदूर लगेंगे, जिससे 24 घंटे काम किया जा सके।
नान इंटरलाकिंग के बाद यात्रियों को मिलेगा यह फायदा
रायपुर स्टेशन को खूबसूरत बनाने के लिए रेलवे प्रशासन की तरफ से लगातार काम किया जा रहा है। गुढियारी की ओर प्लेटफार्म-सात समेत ओवरब्रिज का निर्माण पूरा हो गया है। रेलवे प्रशासन द्वारा निर्माणाधीन प्लेटफार्म-सात के प्रवेश द्वार को बेहद खूबसूरत बनाया जा रहा है। गुढियारी की तरफ से आने-जाने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म-एक की भांति सात पर भी सारी सुविधाएं दी जाएंगी। यात्रियों के लिए वेटिंग हाल, कैंटीन, एटीएम, प्याऊ की सुविधा देने की तैयारी की जा रही है। वहीं फुटओवरब्रिज शुरू होने से यात्री आसानी के प्लेटफार्म क्रमांक 1 से 7 तक आ-जा सकेंगे।
“रायपुर स्टेशन पर नान इंटरलाकिंग का काम किया जाना है। बोर्ड से 20 अप्रैल के बाद की अनुमति मांगी गई है। नान इंटरलाकिंग का काम 24 घंटे तक किया जाएगा। इस दौरान रायपुर स्टेशन से एक भी गाड़ी नहीं गुजरेगी। कुछ गाड़ियों को रद्द तो कुछ को सरोना बाईपास से रवाना किया जाएगा।” – संजीव कुमार, डीआरएम रायपुर रेलवे मंडल



