छत्तीसगढ़: आज-कल भी बारिश की संभावना,अंधड़-बौछारें और कहीं-कहीं ओले गिरने के आसार

अप्रैल के अंतिम 10 दिन छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी वाले रहते हैं और पिछले 10 साल में अप्रैल की गर्मी के सारे रिकार्ड 20 से 30 अप्रैल के बीच के ही हैं। अधिकतम तापमान 44 डिग्री से अधिक दर्ज किया जा चुका है। लेकिन इस साल अप्रैल के इन्हीं अंतिम 10 दिन में मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है।
शनिवार यानी 22 अप्रैल से शुरू हुई बारिश तथा अंधड़ों ने लगभग पूरे प्रदेश में दोपहर की गर्मी खत्म कर दी है। रायपुर समेत अधिकांश जगह रविवार यानी 23 अप्रैल को दोपहर का तापमान 34-35 डिग्री रहा है, जो सामान्य से 5 से 8 डिग्री कम है। यही स्थिति अगले दो दिन और रहने वाली है।
मौसम विभाग ने सोमवार को भी दोपहर के बाद बादल छाने तथा शाम तक कई जगह अंधड़-बौछारें और कहीं-कहीं ओले गिरने के आसार भी जताए हैं। राजधानी रायपुर में रविवार को दोपहर का तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे गया है।
अंबिकापुर और जगदलपुर समेत कुछ जगह तो अधिकतम सामान्य से 8 डिग्री तक कम रिकार्ड किया गया। रात के तापमान में भी 5 डिग्री तक की कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मध्यप्रदेश से तमिलनाडू तक बनी द्रोणिका छत्तीसगढ़ के बीचोबीच से गुजर रही है। इसके असर से शनिवार को दोपहर के बाद प्रदेश के अधिकांश हिस्से में घने बादल छाए। कई जगह शाम को तो कई जगह रात में अंधड़ के साथ बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार देवभोग, नगरी, लोहंडीगुडा और महासमुंद में क्रमश: 30-30 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। इन इलाकों के पहाड़ी-वन क्षेत्रों में कहीं-कहीं ओले भी गिरे हैं। सुकमा, मोहला, मानपुर, अंबागढ़ चौकी, गुरूर, धमतरी, सराईपाली, केशकाल, बस्तर और गरियाबंद में 20-20 मिमी पानी गिरा। राजधानी रायपुर समेत अन्य कई जगहों पर 10 मिमी तथा अधिकांश जगह बौछारें पड़ीं।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी प्रदेश में एक-दो जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने और अंधड़ चलने की संभावना है। प्रदेश में अगले दो दिनों तक यह स्थिति बनी रहेगी। रायपुर में भी सोमवार को दोपहर तक मौसम थोड़ा साफ रहेगा, लेकिन इसके बाद फिर बादल नजर आने लगेंगे। शाम-रात में गरज-चमक के साथ यहां भी बौछारें पड़ने की संभावना है। दिन का तापमान 37 और न्यूनतम 24 के आसपास रहने की संभावना है।
दोपहर ही नहीं, रात में भी मौसम 50 तक ठंडा
बारिश के कारण रविवार को सुबह न्यूनतम तापमान में काफी गिरावट आई। रायपुर में यह 21 डिग्री रहा, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। प्रदेशभर में सुबह के तापमान में औसतन 5 डिग्री तक की कमी दर्ज की गई है। दोपहर के तापमान में सबसे बड़ी गिरावट आई और यह अलग-अलग जगह सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक कम रहा। रायपुर में तापमान 35.4 डिग्री रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है। बिलासपुर, पेंड्रारोड, अंबिकापुर, जगदलपुर और दुर्ग सभी जगहों पर दिन में तापमान 33-34 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक कम है। इसी तरह, अधिकांश जगह सुबह का तापमान 18-22 डिग्री के बीच रहा। यह नार्मल से 3 से 6 डिग्री तक कम है।


