हादसों के बाद पुलिस का एक्शन:हाइवे पर बेतरतीब खड़े रहने वाले ट्रक के खिलाफ कार्रवाई, कार टकराने से हुई थी इंजीनियर की मौत

रायपुर में सड़क पर खड़े हाइवा से टकराकर हुई इंजीनियर की मौत के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन किया है। शहर से होकर गुजरने वाले रिंग रोड के सर्विस रोड में भारी मालवाहक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई है। नो पार्किंग पर वाहन खड़े करने वालों पर फाइन और FIR की कार्रवाई की गई है। SSP प्रशांत कुमार अग्रवाल ने टीम बनाकर ऐसे मामलों पर कार्रवाई करने को कहा था। इसके बाद आमानाका, आजाद चौक, कबीरनगर, सरस्वती नगर और यातायात थाना टाटीबंध की ओर से जांच की गई।

पुलिस ने ट्रक चालक और मालिकों पर फाइन भी ठोका।
इस अभियान में कुल 32 भारी मालवाहक वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जिसमे 26 वाहनों के विरुद्ध नो पार्किंग में चालानी कार्यवाही की गई 6 वाहनों पर थाना आमानाका में धारा 283 के तहत FIR दर्ज की गई। दरअसल बीते शनिवार को रायपुर के जोरा इलाके में हुए हादसे में सिविल इंजीनियर की मौत हो गई। इंजीनियर का दोस्त कार ड्राइव कर रहा था और तेज रफ्तार कार ने सड़क के किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई थी।
पटाखा सायलेंसर वालों पर भी एक्शन
सायलेंसर से फटाखे की आवाज़ निकालने वाले 8 बुलेट मोटर सायकल को जप्त किया गया है और तीन सवारी, रांग साइड चलने वाले 22 अन्य वाहनो को फ़ाइन काट कर छोडा गया।
हमेशा सड़क पर नो पार्किंग में ट्रक करते हैं पार्क
साल 2023 में जनवरी से मार्च तक 3 माह के भीतर नो पार्किंग में खड़ी होने वाले 338 भारी मालवाहक वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जा चुकी है। अभी भी कुछ वाहन चालकों द्वारा बार-बार लापरवाही पूर्वक सर्विस रोड में नो पार्किंग पर वाहन खड़ी कर दिया जाता है जिसके कारण न रिंग रोड की यातायात व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न होता है, ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध रायपुर पुलिस भादवि की धारा 283 के तहत कार्यवाही करते हुए थाने में अपराध दर्ज किए जा रहे हैं।



