कलेक्टर की नाराजगी के बाद हुई कार्रवाई:120 साल पुराने श्मशान घाट पर अफसरों ने अवैध कब्जा हटाया, चलाया बुलडोजर

करीब 120 साल पुराने सरजूबांधा श्मशानघाट की जमीन पर हुए अवैध कब्जे पर प्रशासन ने बुधवार को कड़ी कार्रवाई की। अफसरों की टीम वहां बुलडोजर लेकर पहुंची। कुछ ही देर में लंबी दीवार ढहा दी गई है। सोमवार को वार्ड के पार्षद समेत लोगों ने कलेक्टर से इस अवैध कब्जे की शिकायत की थी। उनका कहना था कि जिस व्यक्ति ने श्मशान घाट के पास जमीन होने का दावा किया है उसकी जमीन वहां से बेहद दूरी पर है। अवैध कब्जे की शिकायत कई बाद तहसील अफसरों से की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसलिए अब आपके पास हैं। कलेक्टर ने लोगों को तीन दिन के भीतर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया था। इस मामले में कलेक्टर की नाराजगी के बाद बुधवार को तहसील के अफसर दल-बल और बुलडोजर के साथ पहुंचे। देखते ही देखते श्मशान घाट में बनीं दीवार को गिरा दिया गया। अवैध कब्जे की कार्रवाई हटाने के दौरान किसी भी तरह का कोई विरोध नहीं हुआ। इस पर लोगों ने कहा कि अवैध कब्जा होने की वजह से कोई विरोध करने नहीं आया।


