गौरेला- पेंड्रा: 45 किलो गांजे के साथ एक गिरफ्तार; कार में छिपाकर ले जा रहा था मध्य प्रदेश

छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में पुलिस ने 45 किलो गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी डस्टर कार में गांजा छिपाकर मध्य प्रदेश ले जा रहा था। बरामद गांजे की कीमत करीब 6.75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिनाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। मामला गौरेला थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली कि बिलासपुर की ओर से एक कार में गांजा भरकर कारीआम और केंवची के रास्ते शहडोल की ओर ले जाया जा रहा है। इस पर पुलिस ने केंवची में मुख्यमार्ग पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद बिलासपुर की ओर से आ रही कार को रोका और तलाशी ली गई तो उसकी डिक्की से 45 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजे सहित कार जब्त कर चालक को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी कार चालक रीवा निवासी पीयूष उर्फ शुभांक सिंह गहरवार है। वह गांजा लेकर बेचने के लिए जा रहा था। पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल सहित कुल 10.85 लाख का माल जब्त किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है।



