Chhattisgarh Election 2023: राजनीतिक विश्लेषण; नए चेहरों के सहारे पार होगी छत्तीसगढ़ बीजेपी की नैया!

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 में नए चेहरों के सहारे बीजेपी की नैया पार हो सकती है। प्रदेश में पार्टी की नैया को पार लगाने की कवायद आज से नहीं बल्कि वर्ष 2018 में कांग्रेस से मिली शिकस्त के बाद ही शुरू हो चुकी है। पार्टी हाईकमान अपने स्तर पर सर्वे भी कर चुकी है। इसलिए पार्टी हाईकमान ने राजस्थान के सीनियर और 70 साल के अनुभवी नेता ओम माथुर को बीजेपी छत्तीसगढ़ प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी है। इस काम की जिम्मेदारी मिलते ही वो प्रदेश की जमीनी हकीकत और पार्टी के हार के कारणों की समीक्षा करने में लगे हैं। इसके लिए प्रदेश के पांचों राजनीति गलियारे (पांचों संभाग) में सक्रिय हैं। इन राजनीतिक गलियारों में वो लगातार दौरा कर रहे हैं।
इन गलियारों में जनता की नब्ज टटोलने में लगे हैं। विशेषकर बस्तर की नब्ज को पकड़कर उसका इजाज करने की कवायद में जुटे हैं। क्योंकि प्रदेश में सत्ता की चाबी यही से खुलती है। यही से चौथी बार सत्ता का स्वाद चखा जा सकता है। यही वजह है कि वो लगातार बस्तर प्रवास पर रह रहे हैं। हाल ही में बस्तर संभाग के जगलपुर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर में दौरा कर विधानसभा कोर कमेटी की बैठक ले चुके हैं।
वे पार्टी के सीनियर और जूनियर नेताओं से बातचीत करने के अलावा नए चेहरों से मिलने से भी कोई गुरेज नहीं कर रहे हैं। यूपी, गुजरात, महाराष्ट्र समेत 8 राज्यों के प्रभारी रह चुके 70 वर्षीय ओम माथुर सबके अनुभवों को समेटने में लगे हैं।



