रायपुर:16 करोड़ का एक्सिस बैंक घोटाला,कर्नाटक की जेल में बंद जालसाज को लाया गया रायपुर

रायपुर 21 अप्रैल 2023
डूंडा स्थित एक्सिस बैंक घोटाले में कर्नाटक बेंगलुरु की जेल में बंद एक आरोपी को गिरफ्तार कर रायपुर लाया गया। 16 करोड़ के बैंक घोटाले में आरोपी की भूमिका काफी अहम थी। उसे रायपुर लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया। घोटाले को लेकर कुछ बिंदुओं पर पुलिस को संशय है। घोटाले में शामिल इसरार सलीम से उसी के संबंध में जानकारी ली जाएगी। वह जालसाजी के एक अन्य केस में कर्नाटक जेल में बंद था। रायपुर अब तक बैंक घोटाले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
आरोपियों को पकड़ने के साथ ही पुलिस ने 2 करोड़ 34 लाख कैश बरामद किए हैं। इसके अलावा अलग-अलग बैंक खाते में जमा करीब 1 करोड़ 18 लाख रुपए को भी होल्ड कराया गया है। पुलिस अफसरों के अनुसार घोटाले में शामिल कुछ और लोगों की अभी तलाश की जा रही है। एक्सिस बैंक में बेहद प्लानिंग के साथ करोड़ों का घोटाला किया गया था। क्लस्टर हेड बी आनंद ने पिछले साल केस दर्ज कराया था कि कृषि मण्डी बोर्ड के बैंक खाते से सतीश वर्मा और चन्द्रभान सिंह ने फर्जी चेक बुक के माध्यम से पैसे निकाले।
उन्होंने बोर्ड की फर्जी चेक बुक बना ली थी। इस गड़बड़ी में बैंक कर्मचारी और मंडी बोर्ड के कुछ लोग भी शामिल थे। बैंक की ओर से एफआईआर दर्ज कराने के बाद तहकीकात शुरू की गई और अब तक 5 आरोपियों को रायपुर/दुर्ग, 2 को हैदराबाद, 1 को बैंगलोर और 1 को मुंबई से पकड़ा गया। अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पहले गिरफ्तार हाे चुके आरोपियों से पूछताछ के बाद ही कर्नाटक के इसरार सलीम का पता चला। इसरार ने करीब 2 करोड़ अपनी पत्नी, भाई और अन्य परिचितों के खाते में ट्रांसफर किए थे।
ऐसे हुआ था कांड
रकम फर्जी चेक से करोड़ों के गोलमाल की जानकारी बैंक को मिली तो पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने खातों की जांच शुरू की। इनपुट मिला कि हैदराबाद के खातों में रकम भेजी गई है। रायपुर की पुलिस हैदराबाद पहुंची। वहां बैंक डिटेल के आधार पर 2 और रायपुर में 5 लोगों को पकड़ा गया। रायपुर के रहने वाले एक आरोपी सौरभ मिश्रा ने बताया कि उसने अपने परिचित आबिद खान के साथ मिलकर इस कांड को अंजाम दिया। कोटक महेन्द्रा में काम करने वाले गुलाम मुस्तफा ने भी इनका साथ दिया। गुलाम की मंडी बोर्ड के अफसरों से पहचान थी। उसे पता था कि मंडी बोर्ड का एक बड़ा ट्रांजेक्शन होने जा रहा है।
मंडी के अकाउंट में रुपए आते ही फर्जी चेक से इस कांड में शामिल लोगों ने रकम निकाली और देशभर के अलग-अलग उन खातों में भेज दी जो इनके परिचित के थे। रायपुर पुलिस की टीम आज भी दिल्ली, मुम्बई, गुजरात, बैंगलोर जैसे शहरों में उनका पता लगा रही है।



