छत्तीसगढ़:रायपुर में अफसरों पर भड़के केंद्रीय मंत्रीप्रहलाद पटेल, बोले- लोगों को पानी नहीं मिला तो कांग्रेस होगी जिम्मेदार

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल गुरुवार को रायपुर पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक ली। प्रदेश में इस मिशन के ठप पड़े काम-काज पर नाराज भी हुए।
अफसर आंकड़े पेशकर जल्द ही काम पूरा करने की बात कहने लगे तो मंत्री ने पूछा तीन सालों में जो काम नहीं हुआ कुछ महीने में कैसे हो जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 10 में 9 टेंडर रिजेक्ट हुए, मंत्री ने अधिकारियों को मार्च 2024 तक इस योजना का काम पूरा करने को कहा। इस साल 70 हजार करोड़ केंद्र जल जीवन मिशन पर खर्च करेगा।

बैठक में जल जीवन मिशन के सचिव डॉ.एस.भारती दासन ,एम.डी.जल जीवन मिशन आलोक कटियार,एम.डी. स्वच्छ भारत मिशन संजय अग्रवाल,रायपुर कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर मौजूद थे।
बाहर आकर मीडिया को मंत्री प्रहलाद पटेल ने बताया- जल जीवन मिशन के काम में छत्तीसगढ़ गति नहीं पकड़ पाया। मल्टीब्रिज स्किम में टेंडर में काम नहीं हो सका। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने लक्ष्य रखा 20 ब्लॉक में हर घर जल पहुंचाने का, एक में भी काम नहीं किया। फिर जिलों में काम नहीं हुआ। ये खुद राज्य के अधिकारियों ने जानकारी दी। अगर अब हर घर में जल नहीं पहुंच पाएगा तो इसकी जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ सरकार को लेनी होगी। मैंने खुद अधिकारियों से पूछा कि भारत सरकार का कहीं असहयोग है क्या तो उन्होंने कहा कि पूरा सहयोग मिल रहा है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री प्रहलाद।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जिस गति से यहां पर काम हाे रहा है, अगर आम आदमी की सुविधा उस तक न पहुंची तो इसकी जिम्मेदार कांग्रेस की होगी। आज छत्तीसगढ़ 42.7 प्रतिशत पर है ये नेशनल के 60 प्रतिशत के एवरेज से कम है। तेलंगाना, पांडिचेरी, अंडमान, गोवा, में 100 प्रतिशत टारगेट अचीव किया है। बिहार उत्तराखंड में 90 फिसदी काम हो चुके हैं। पहले दो सालों में धीमी गति रही यहां इसी वजह से समस्या है। क्वालिटी काे लेकर भारत सरकार समझौता नहीं करेगी। मंत्री ओडीएफ और स्वच्छता, फूड प्रोसेसिंग के कामों को लेकर संतुष्ट दिखाई दिए।
एयरपोर्ट पर भाजपा के जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, उपाध्यक्ष ललित जैसिंघ ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया।
लगता है भरोसा नहीं इसलिए सम्मेलन
केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद पटेल ने प्रियंका गांधी के बस्तर दौरे को लेकर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि मैंने बस्तर में प्रियंका गांधी ने क्या कहा ये ताे नहीं देखा, मगर अखबारों में देखा कि कार्यक्रम का नाम भरोसे का सम्मेलन रखा गया है। लगता है भरोसा नहीं रहा इसलिए सम्मेलन करना पड़ रहा है।
प्रदेश के रेलवेकर्मियों को नियुक्ति पत्र
सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लगभग 71,000 नवनियुक्त सरकारी कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए । इस कार्यक्रम का आयोजन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत रायपुर में हुआ। इस कार्यक्रम में प्रहलाद पटेल भी शामिल हुए। ये कार्यक्रम WRS कॉलोनी के सामुदायिक भवन में हुआ। यहां दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के 212 नवनियुक्त कर्मियों को प्रत्यक्ष रूप से और 214 नवनियुक्त कर्मियों को वर्चुअल माध्यम से नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए । कार्यक्रम में लोकसभा क्षेत्र के सांसद, सुनील सोनी, छत्तीसगढ़ विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष, प्रेम प्रकाश पाण्डेय और मंडल रेल प्रबंधक रायपुर, संजीव कुमार उपस्थित थे ।



