कांग्रेस की मशाल रैली का मंच टूटा, मची अफरातफरी

कांग्रेस की मशाल रैली का मंच टूटा, मची अफरातफरी
0 संसदीय सचिव रश्मि सिंह के पैर में चोट
0 कई कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता घायल
बिलासपुर। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को दो साल की सजा होने के बाद उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने के विरोध में कांग्रेस द्वारा आयोजित लोकतंत्र बचाओ मशाल शांति मार्च के बाद देवकीनंदन चौक पर सभा के लिए बनाया गया मंच भरभराकर टूट गया, एकाएक मंच टूटने से अफरातफरी मच गई, मंच टूटने से संसदीय सचिव रश्मि सिंह, प्रभारी सचिव नेता चंदन यादव सहित एक दर्जन कांग्रेस नेताओं को चोटें आईं। हड़कंप के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा कुछ मिनट ही कार्यकर्ताओं को संबोधित कर पाईं। उक्त मशाल शांति मार्च गांधी चौक से देवकीनंदन चौक पहुंचा, शाम साढ़े सात बजे यहां सभा का आयोजन होना था। सभा में भीड़ अधिक थी और कांग्रेस नेताओं की उपस्थिति को देखते हुए मंच काफी छोटा बनाया गया था। इस मंच का एक पाया नाली में था। सभा के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए, जिससे मंच हिलने लगा। कार्यकर्ताओं को मंच से उतरने की सलाह दी गई, परन्तु किसी ने बात नहीं मानी, नतीजा यह हुआ कि प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के संबोधन के पहले ही मंच भरभराकर नीचे गिर गया। जिस समय मंच टूटा उस समय उस पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, प्रभारी सचिव चंदन यादव, संसदीय सचिव रश्मि सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय पाण्डेय, मेयर रामशरण यादव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रमोद नायक सहित दर्जनों नेता मौजूद थे। मंच टूटते ही सभा में अफरातफरी मच गई और लोग घायल नेताओं को संभालने लगे। कुछ समय बाद स्थिति सामान्य होने पर प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा कार्यकर्ताओं को संबोधित कर चली गईं।





