पुलिस की कार्रवाई:सरकारी मकान दिलाने का झांसा, 30 महिलाओं से ठगी, गिरफ्तार

गुढ़ियारी रामनगर इलाके में 30 से ज्यादा महिलाओं को सरकारी मकान दिलाने का झांसा देकर बुजुर्ग महिला ने उनसे 6 लाख से ज्यादा की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को निगम कर्मी बताया और किसी से 20 तो किसी से 25 हजार सरकारी मकान दिलाने के एवज में ले लिए। पैसे लेने के बाद वह गायब हो गई और उसने पीड़ित महिलाओं का फोन रिसीव करना बंद कर दिया। कई बार संपर्क करने का प्रयास करने के बाद पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने चारसौबीसी का केस दर्ज कर आरोपिया को भिलाई से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार आरोपिया सोनाली दत्ता ने ज्यादातर झोपड़पट्टी में रहने वाली महिलाओं को झांसे में लिया। उसने खुद को सरकारी कर्मी बताते हुए कहा वह उन्हें सरकारी आवास दिला सकती है। इसके बदले में कुछ पैसे देने होंगे। पक्का सरकारी मकान मिलने की उम्मीद पर महिलाओं ने अपनी जमा पूंजी उसे दे दी। पुलिस के पास सबसे पहले ललिता मानिकपुरी पहुंची। उसने बताया कि करीब 10 महीने पहले हुड़को भिलाई की रहने वाली सोनाली दत्ता(65)उससे मिली।
उसने खुद को नगर निगम में काम करने वाले कर्मचारी बताया और कहा कि मेरी बड़े अधिकारियों से पहचान है। आरोपी सोनाली ने उसे कहा कि वह उसे सरकारी मकान देगी। जिसके लिए उसे 20 हजार रुपये देने होंगे। इसके बाद पीड़ित और उसके मोहल्ले के करीब 30 से 35 लोगों ने 6 लाख रुपये इकट्ठे कर उसे सौंप दिया गया। उसने कहा कि 90 दिन के अंदर आपके पास अपना खुद का मकान होगा। कुछ दिन बीतने के बाद लोगों ने आरोपी महिला से मकान के संबंध में सवाल किया तो उसने टालमटोल किया। फिर अपना फोन बंद कर दिया और फरार हो गई। जिसके बाद से पुलिस लगातार उस महिला की तलाश कर रही थी। मंगलवार को पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया



