अम्बिकापुर: जागते रहो…सीटी बजाकर भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने की कांग्रेस कार्यालय की पहरेदारी, कुछ दिन पहले हुई थी चोरी

अंबिकापुर में भाजयुमो का अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। बुधवार रात शहर के घड़ी चौक के पास नगर पालिका निगम के सामने स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में चोरी हो गई थी। चोरों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष कार्यालय एवं किचन का ताला तोड़ा व किचन में रखे इंडक्शन, चायपत्ती, शक्कर, कप, बर्तन आदि की चोरी कर ली। यह शहर का सबसे सुरक्षित इलाका माना जाता है। कांग्रेस के शासनकाल में कांग्रेस कार्यालय में हुई चोरी चर्चा का विषय बना रहा। गुरूवार को मामले की जांच कोतवाली पुलिस ने शुरू की, लेकिन आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।,
शहर में लगातार चोरी के बाद कांग्रेस कार्यालय में चोरी को लेकर भाजपयुमो ने शुक्रवार रात प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिलाध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में भाजुयमो कार्यकर्ता घड़ी चौक से लाठी डंडे से लैस होकर निकले और कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर करीब एक घंटे तक कांग्रेस कार्यालय की रखवाली की। प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने सिटी बजाते हुए जागते रहो का नारा भी लगाया।
भाजयुमो जिला अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। आए दिन शहर में सिलसिलेवार ढंग से चोरी हो रही है। यही नहीं अब शातिर चोर कांग्रेस कार्यालय को भी अपना निशाना बना रहे हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि शहर में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है।



