Bemetara Violence: बिरनपुर में पिता-पुत्र की हत्या; हिंसा में मारे गए युवक के परिजनों को 10 लाख और नौकरी

छत्तीसगढ़ में बेमेतरा के बिरनपुर गांव में भड़की हिंसा की आग ठंडी नहीं हो पा रही है। गांव में दो और लोगों की हत्या कर दी गई। दोनों पिता-पुत्र हैं और उनके शव मंगलवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर एक खेत में मिले हैं। वहीं देर रात उपद्रवियों ने चोरभट्टी और चेचानमेटा गांव में भी दो मकानों में आग लगा दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। गांव में अभी भी फोर्स तैनात है। वहीं मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हिंसा में मारे गए युवक के परिजन को नौकरी और 10 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
देर रात दूसरे जिलों से मंगाई गई फोर्स
जानकारी के मुताबिक, देर शाम जब उपद्रवियों को वहां से खदेड़ा गया, तभी हत्या की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गांव में बच्ची सहित चार लोगों के शव और मिले हैं। इनकी भी हत्या करने की बात कही गई है। हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है। फिलहाल गांव में देर रात 600 पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। दूसरे जिलों से भी फोर्स मंगवाई गई है। आने-जाने वालों से सख्ती से पूछताछ की जा रही है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले परीक्षार्थियों को सुरक्षा व्यवस्था के साथ भेजा जा रहा है



