रायपुर में सूदखोर तोमर ब्रदर्स पर बड़ी कार्रवाई : भाठागांव का आलीशान बंगला कुर्क – फरार चल रहे रोहित-वीरेंद्र के खिलाफ अब तक 6 से ज्यादा FIR

रायपुर। शहर के कुख्यात सूदखोर तोमर ब्रदर्स पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भाठागांव स्थित उनका आलीशान बंगला कुर्क कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों रोहित तोमर और वीरेंद्र तोमर का इस बंगले में 1500–1500 स्क्वायर फीट का हिस्सा था। रायपुर SDM ने बताया कि CJM कोर्ट के आदेश के बाद संपत्ति को कुर्क कर लिया गया है। अब कोर्ट की परमिशन के बिना इस घर में कोई परिवर्तन या बिक्री संभव नहीं होगी।
पुलिस की याचिका पर कोर्ट ने इस मामले में अंतिम चेतावनी दी थी, जिसके तहत आरोपियों को 18 अगस्त तक पेश होने का मौका मिला था। लेकिन हाजिर न होने पर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई। इससे पहले नगर निगम ने रोहित तोमर के अवैध ऑफिस पर बुलडोजर चला दिया था। दोनों तोमर भाई बीते दो महीने से फरार हैं।
प्रॉपर्टी डीलर से मारपीट के बाद हुए फरार
करीब दो महीने पहले प्रॉपर्टी डीलर दशमीत चावला ने रोहित तोमर के खिलाफ मारपीट की FIR तेलीबांधा थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद से रोहित फरार हो गया और उसके साथ उसका भाई वीरेंद्र तोमर भी गायब हो गया। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में टीमें भेजीं, लेकिन अभी तक सफलता नहीं मिली है।
पीड़ितों का डर टूटा, थानों में पहुंच रहे लोग
तोमर ब्रदर्स हिस्ट्रीशीटर हैं और उनके खिलाफ अब तक 6 से ज्यादा FIR दर्ज हो चुकी हैं। आरोपियों पर अवैध वसूली, धमकी और छत्तीसगढ़ ऋणियों का संरक्षण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज हैं। उनके गुर्गों का खौफ इस कदर था कि शहर में रहते हुए भी लोग पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से कतराते थे। लेकिन पुलिस और प्रशासन की हालिया सख्त कार्रवाई के बाद पीड़ित अब थानों में पहुंचकर शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
👉 तोमर ब्रदर्स की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है, जबकि कोर्ट की सख्ती के चलते प्रशासन ने उनकी संपत्तियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।



