छत्तीसगढ़
Trending

पुलिस कस्टडी में युवक की मौत: परिजनों ने थाने का घेराव कर मारपीट का आरोप लगाया, पुलिस बोली- मिर्गी के दौरे से बिगड़ी थी हालत

जांजगीर-चांपा, 10 सितंबर 2026 छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक को अवैध शराब रखने के आरोप में बुधवार को उसके घर से हिरासत में लिया गया था। मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर मारपीट का आरोप लगाते हुए गुरुवार को थाने का घेराव किया।

मृतक की पहचान मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, चांपा थाने के एक ट्रेनी सब इंस्पेक्टर और दो आरक्षकों ने बुधवार दोपहर उसे करीब 20 लीटर देशी शराब रखने के आरोप में पकड़ा था।

रात में बिगड़ी तबीयत

पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 10 बजे हिरासत में शिव की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल बीडीएम अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस का कहना है कि शिव को मिर्गी का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी। हालांकि, परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।

मौत के बाद थाने का घेराव

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चांपा थाने पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान थाना परिसर में परिजन रोते-बिलखते नजर आए और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की।

स्थिति को देखते हुए थाने में पुलिस बल तैनात किया गया है।

पोस्टमॉर्टम से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने शव को जांजगीर जिला अस्पताल की मर्चुरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखा है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यार्क के मुताबिक, शिव के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज रहे हैं। इनमें शराब बिक्री और मारपीट से जुड़े मामले शामिल बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार यह उसका चौथा मामला था और बुधवार को उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए रिमांड की प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया था।

कॉन्स्टेबल निलंबित

मामले में एक स्थानीय कॉन्स्टेबल के खिलाफ शिकायत सामने आने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया है। पुलिस अधिकारी ने इसे लापरवाही और अनुशासनहीनता से जुड़ा मामला बताया है।

फिलहाल युवक की मौत को लेकर परिजनों के आरोप और पुलिस के दावे अलग-अलग हैं। जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button