छत्तीसगढ़
Trending

नया घर बनाने को लेकर पत्नी ने किया विरोध : गुस्साए पति ने डंबल से सिर पर हमला कर दी जान; आरोपी गिरफ्तार

कोरबा, 10 सितम्बर 2026 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में एक पति ने सीमेंट के डंबल से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। घटना बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी रमेश डोंगरे (40) अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39) के साथ शांति बस्ती के वार्ड नंबर-9 में रहता था। दोनों की यह दूसरी शादी थी। शादी के बाद रमेश पत्नी के घर में ही रह रहा था।

नया घर बनाने को लेकर हुआ विवाद

रमेश नया घर बनाकर उसमें रहने की बात कह रहा था, लेकिन बंधन कुंवर इसका विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए।

हमले में बंधन कुंवर को गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

दोनों की दूसरी शादी, कोई संतान नहीं

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि रमेश और बंधन कुंवर दोनों की यह दूसरी शादी थी। रमेश ने पहली पत्नी को छोड़ने के बाद बंधन से शादी की थी। दोनों घर में अकेले रहते थे और उनकी कोई संतान नहीं थी।

FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच की।

पूछताछ में हत्या कबूली

पुलिस ने आरोपी रमेश डोंगरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। मामले की आगे जांच जारी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button