धर्म बदला तो अंतिम संस्कार पर विवाद: धमतरी में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों ने रखी धर्म वापसी की शर्त, पुलिस तैनात

धमतरी, 10 सितंबर 2026। जिले के बोरई थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में धर्म परिवर्तन कर चुकी एक महिला की मौत के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नवागांव निवासी पीयन बाई साहू (55) का बुधवार शाम निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने कुछ समय पहले धर्म परिवर्तन किया था। उनकी मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार को लेकर साहू समाज और ग्राम व्यवस्था समिति की बैठक बुलाई गई।
बैठक में ग्राम समिति अध्यक्ष हेमराय साहू, सरपंच दिनेश्वरी नेताम, साहू समाज अध्यक्ष रविंद्र साहू सहित करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए। मृतका के भाई उमेश साहू और जयंत साहू की मौजूदगी में अंतिम संस्कार को लेकर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ग्रामीणों और समाज के पदाधिकारियों ने धर्म वापसी की शर्त रखी। उनका कहना है कि जब तक मृतका के परिजन हिंदू धर्म और समाज में वापस नहीं आते, तब तक शव के दफन या अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मामले को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। ग्राम समिति और समाज के पदाधिकारी अंतिम संस्कार को लेकर सहमति बनाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं प्रशासन और पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।



