National

ऑपरेशन अजय: इजरायल से करीब 230 भारतीयों को लेकर विशेष विमान रवाना

नई दिल्ली: ‘ऑपरेशन अजय’ के तहत लगभग 230 भारतीयों के एक विशेष विमान (चार्टर्ड उड़ान) से शुक्रवार की सुबह इजरायल से स्वदेश लौटने की उम्मीद है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को दी। भारत ने यह अभियान उन भारतीयों की वापसी को सुविधाजनक बनाने के लिए शुरू किया है जो स्वदेश वापस आना चाहते हैं। बीते शनिवार को हमास आतंकियों की ओर से इजरायली शहरों पर किए गए सिलसिलेवार हमलों से क्षेत्र में तनाव पैदा हो गया है। विशेष विमान इजरायल से रवाना हो चुका है। सुबह करीब 7 बजे इसके भारत वापस लौटने की उम्‍मीद है। इसमें सवार यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जा रहा है। भारत सरकार उनकी वापसी का खर्च वहन कर रही है।

इसके पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि विशेष विमान शाम को तेल अवीव पहुंच सकता है। यह शुक्रवार की सुबह लगभग 230 भारतीयों के पहले जत्थे को वापस लाएगा। उन्होंने कहा, ‘हम स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं।’

बागची ने बताया कि लगभग 18,000 भारतीय वर्तमान में इजरायल में रह रहे हैं। जबकि लगभग 12 लोग वेस्ट बैंक में और तीन-चार लोग गाजा में हैं।

हमास के हमलों में केरल के एक भारतीय देखभालकर्ता के घायल होने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘हम उस मामले से अवगत हैं। वह व्यक्ति अस्पताल में है और उसकी हालत में सुधार हो रहा है।’

बागची ने कहा कि भारतीयों को वापस लाने के लिए और अधिक चार्टर्ड उड़ानों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह घर लौटने की इच्छा व्यक्त करने वाले लोगों की संख्या पर निर्भर करेगा। उन्होंने कहा कि अभी तक किसी भारतीय के हताहत होने की कोई खबर नहीं हैसैन्य अधिकारियों ने कहा कि भारतीय वायुसेना ने इजरायल से भारतीयों को वापस लाने के लिए किसी भी संभावित कदम के वास्ते अपने परिवहन विमान को तैयार रखा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button