
भोपाल : बुधवार, अगस्त 2, 2023। मिसरोद थाना इलाके में अल सुबह हुए एक सड़क हादसे में उघोगपति की मौत हो गई। बताया गया है की तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकराई और बीआरटीएस लेन तोड़कर बस स्टॉप में जा घुसी। थाना पुलिस ने बताया की जनता कॉलोनी, ई-6, 107, अरेरा कॉलोनी में रहने वाले 48 वर्षीय भानू प्रताप सिंह राघव पिता नौनिहाल सिंह की बगरौदा में लोहे की चौखट बनाने वाली यूनिट है। काम के चलते बुधवार अल सुबह करीब तीन बजे वह अपनी कार से अरेरा कॉलोनी से बगरौदा औद्योगिक क्षेत्र जाने के लिए निकले थे। पंद्रह मिनट बाद शनि मंदिर होशंगाबाद रोड पहुंचते ही उनकी कार डिवाईडर से टकराकर बेकाबू हो गई। अनियंत्रित कार बीआरटीएस लेन और बस स्टाप को तोड़ते हुए सड़क पर जाकर रुक गई। इस हादसे में कार में सवार भानू प्रताप सिंह को घातक चोंटे आई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। सड़क पर घायल पड़े भानुप्रताप सिंह के सिर में काफी गहरी चोट थी, और उनका काफी खून निकल गया था। अनुमान है कि एक्सीडेंट के बाद वह खुद कार से नीचे उतरकर गिरे होगें। उन्हें तत्काल ही इलाज के लिए जय प्रकाश अस्पताल पहुचांया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के लिए भेजते हुए हादसे की जॉच शुरु कर दी है।



