
भोपाल : रविवार, जुलाई 2, 2023। मिसरोद इलाके में हुए सड़क हादसे में महिला की मौत हो गई। बताया गया है कि मामा-भांजा अलग-अलग बाइको पर बहनो को बैठाकर जा रहे थे, रास्ते में भांजे ने सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी की, इसी दौरान पीछे आ रहे मामा की तेज रफ्तार बाइक उसकी बाइक से टकरा गई। हादसे में एक मुंहबोली बहन की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि शाहगंज जिला सीहोर का रहने वाला 24 वर्षीय संजू मर्सकोले ड्रायवरी करता है। बीती 27 जून को वो अपनी बहन कशिश को बाइक पर बैठाकर बैरागढ़ से शाहगंज जा रहा था। उसके पीछे मामा गजराज सल्लाम अपनी मुंहबोली बहन उमा सल्लाम को मोटर सायकिल पर बिठाकर चल रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे होशंगाबाद रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास संजू का मोबाइल फोन गिर गया। उसने बाइक रोकते हुए उसे सड़क किनारे खड़ा किया और उतरकर मोबाइल खोजने लगा। इस दौरान उसकी बहन कशिश बाइक पर ही बैठी रही। तभी उसके बीच पीछे आ रहे मामा गजराज की तेज रफ्तार बाइक उसकी सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई। टक्कर होने पर बाइक पर बैठी कशिश और मामा की बाइक पर बैठी उनकी मुंहबोली बहन उमा सल्लाम सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गई। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल उमा का एमपी नगर स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। बताया गया है कि उसके सिर में घातक चोंटे आने के कारण उपचार के दौरान उसकी हालत लगातार नाजूक होती गई, आखिरकार बीती सुबह उमा की मौत हो गई। हॉस्पिटल से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पीएम के बाद परिजन को सौंपते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है।



