
भोपाल : शनिवार, जुलाई 1, 2023/ पुराने शहर के शाहजहांनाबाद थाना इलाके में पुरानी रजिंश के चलते बदमाश ने मोबाइल दुकान संचालक पर धारदार हथियार से कातिलाना हमला कर दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार व्हाइट हाउस, बजरिया चौराहा शाहजहांनाबाद में रहने वाला 32 वर्षीय अमित शर्मा पिता रमेश कुमार शर्मा घर पर ही मोबाइल शॉप संचालित करता है। अमित ने पुलिस को बताया कि सुबह के समय वो घरेलू सामान लेने गया था। वापस आने पर उसे आरोपी बाबू और चीनू उसके घर के पास बैठे नजर आए। सामान घर में रखकर वो वापस आया और दुकान खोलने लगा। उसकी समय बाबू उसके पास आया और उसने शटर उठा रहे अमित पर पीछे से चाकू से वार कर दिया। चाकू गले के पास लगने से अमित को घातक चोट आई थी। इसके बाद आरोपी ने फिर वार किया तब अमित ने बचने के लिये अपने हाथ आगे कर दिये, जिससे उसके दोनों हाथ में चाकू लगने से गंभीर चोट आई। फरियादी को घायल हालत में छोड़कर आरोपी फरार हो गया। बाद में परिवार वालो ने उसे इलाज के लिये हॉस्पिटल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बाबू के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है। बताया गया है कि साल 2021 में आरोपी बाबू और घायल अमित के बीच विवाद हो गया था। उक्त प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। इसी रजिंश के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया है।



