पहलवानों के लिए इंसाफ चाहते हैं लेकिन”: बृजभूषण सिंह पर कार्रवाई को लेकर बोले अनुराग ठाकुर

नई दिल्ली: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर (Anurag Thakur) ने शुक्रवार को कहा कि हर कोई चाहता है कि भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI)के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Sharan Singh) के खिलाफ धरने पर बैठे पहलवानों (Wrestlers Protest) को इंसाफ मिले, लेकिन यह कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही संभव है. ठाकुर के इस बयान से दो दिन पहले शीर्ष पहलवानों ने अपने मेडल हरिद्वार में गंगा नदी में बहाने की धमकी दी थी. खेल मंत्री ने कहा, “सरकार भी निष्पक्ष जांच चाहती है. हम सभी चाहते हैं कि न्याय मिले, लेकिन इसके लिए कानूनी प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार करना होगा.”
अनुराग ठाकुर ने ‘टाइम्स नेटवर्क’ के इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में एक सवाल के जवाब में ये बातें कही. उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है, जो बीजेपी सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोपों पर सरकार द्वारा नियुक्ति समिति की रिपोर्ट के बाद दर्ज किया गया था.
उन्होंने कहा, “कोई भी खिलाड़ी हो या महिला हो, अगर कोई अत्याचार हुआ है तो उसे जल्दी इंसाफ मिलना चाहिये. पहलवानों का जो मामला है , वह सात साल पुराना है. इसी साल जनवरी में हमने उनसे पूछा भी था कि कोई एफआईआर दर्ज करनी है, तो उन्होंने कहा था कि वे सिर्फ सरकार का दखल चाहते हैं.”



