Karnataka Election Results 2023 Highlights: BJP की हार के बाद बसवराज बोम्मई ने सीएम पद से दिया इस्तीफा, कल होगी कांग्रेस विधायक दल की बैठक

कर्नाटक विधानसभा के 224 सीटों में से 220 सीटों के नतीजे घोषित हो गए हैं। कांग्रेस ने 135 सीटों पर जीत दर्ज की है और एक सीट पर आगे है। वहीं, भाजपा 65 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है।
कर्नाटक में कांग्रेस की जीत पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पार्टी को बधाई दी है। उन्होंने कहा “कर्नाटक विधानसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस पार्टी को बधाई। लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अहंकार अधिक समय तक नहीं रहता. यह एक लोकतंत्र है और हमें लोगों की बात सुननी होगी और उन लोगों के सामने सिर झुकाना होगा जो हमें सही रास्ता दिखाते हैं. यह किसी की जीत नहीं है, यह राज्य की जनता की जीत है. उन्होंने फैसला किया और चुना. इसलिए हमें 136 सीटें मिलीं.
बीजेपी मुक्त दक्षिण भारत- मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि ये एक बड़ी जीत है. इससे पूरे देश में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ. बीजेपी हमें ताना मारती थी और कहती थी कि हम ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ बनाएंगे. अब सच्चाई यह है कि यह ‘बीजेपी मुक्त दक्षिण भारत’ है.
जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करते हैं- नड्डा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि बीजेपी कर्नाटक की जनता के जनादेश को विनम्रता से स्वीकार करती है. मैं कर्नाटक के मेहनती कार्यकर्ताओं को उनके प्रयासों और हमारी दृष्टि में विश्वास दिखाने वाले लोगों के लिए धन्यवाद देता हूं. पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी लोगों की भलाई के लिए काम करती रहेगी और सक्रिय रूप से रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाते हुए उनकी आवाज बुलंद करेगी.
कर्नाटक ने इतिहास रच दिया है- सुरजेवाला
कर्नाटक के कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि कर्नाटक ने इतिहास रच दिया है. कर्नाटक ने न केवल कर्नाटक के लोगों के लिए बल्कि पूरे देश के लिए लोकतंत्र के लिए एक नया जीवन दिखाया है. यह हर कन्नडिगा की जीत है. कर्नाटक ने लोकतंत्र बचाने का नया मंत्र दिया है. ये पूरे भारत में लोकतंत्र और संविधान को बचाने का एक मार्ग है. पीएम ने कहा ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ लेकिन कर्नाटक के लोगों ने सुनिश्चित किया कि ‘बीजेपी मुक्त दक्षिण भारत’, लोगों ने मुहब्बत की दुकानें खोल लीं और नफरतों की दुकानें बंद कर दीं.



