मुरैना में जमीनी विवाद को लेकर चली गोलियां, 3 महिलाओं सहित 6 की मौत, 3 गंभीर रूप से घायल

मुरैना। मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में एक परिवार के 6 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मरने वालों में तीन महिलाओं सहित 6 लोग शामिल हैं। वहीं अन्य तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक घटना सिहोनियां थाना के अंतर्गत आने वाले लेपा भिसोड़ा गांव की है जहां दो परिवारों में 10 साल पुराना जमीनी विवाद चल रहा था। जिसके चलते यह घटना हुई। घटना के बाद से ही गांव व आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। वारदात की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल गांव में तैनात कर दिया गया है। एएसपी रायसिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गोलाबारी में 6 लोगों की मौत हो गई है। उनको शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। वहीं घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में पुलिसफोर्स की तैनाती कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।
हत्याकांड का वीडियो आया सामने
मुरैना में हुए इस हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग लाठियों से लोगों को पीटते नजर आ रहे हैं। वहीं कुछ बंदूक व लाठियां लेकर खड़े दिख रहे हैं। इस दौरान एक युवक अपनी बंदूक से एक के बाद एक 6 लोगों पर गोलियां चलाता है। गोली लगने के बाद 6 लोग जमीन पर गिर पड़े। जिस समय यह घटना हुई उस दौरान वहां बच्चे और महिलाएं भी थे। वीडियो में सुना जा सकता है कि एक महिला बच्चों से घर के अंदर आने के लिए कह रही है। जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग गए हैं।



