National

अभी दो दिन और बरसेंगे बदरा, मई में हो रहा फरवरी सा अहसास; मौसम विभाग ने बताया क्या है वजह

पश्चिम विक्षोभ के असर ने दिल्ली-एनसीआर के मौसम को पूरी तरह से बदल दिया है। सोमवार को दिल्ली-एनसीआर में दिन में ही अंधेरा छा गया और उसके बाद हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई। बारिश ने पारे को सामान्य से 13 डिग्री तक लुढ़का दिया। इस कारण से मौसम ने मई में फरवरी जैसे मौसम का अहसास कराया। वहीं शाम साढ़े पांच बजे तक 14.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में भी अच्छी बारिश होने की संभावना जताई है।

मौसम का मिजाज तो रविवार से ही बदला हुआ था लेकिन एक मई को नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से सोमवार को ठंडी-ठंडी हवा के साथ हुई बारिश ने तापमान को काफी गिरा दिया। अधिकतम तापमान सामान्य से 13 डिग्री कम 26.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री कम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इससे पहले रविवार को हुई बारिश ने तापमान को सामान्य से दस डिग्री तक गिरा दिया था। इस कारण से तापमान 28.7 डिग्री दर्ज हुआ। इससे पहले 2021 में 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।

वहीं बारिश की बात करें तो शाम साढ़े पांच बजे तक औसतन 14.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। रिज में सबसे अधिक 21.2 व सफदरजंग में 13.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। एक मार्च से अब तक दिल्ली में 74.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बीते साल 31 मई को 17.8 मिमी बारिश दर्ज की गई थी।
एक-दो दिन में न्यूनतम तापमान और गिर सकता है और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग के उपमहानिदेशक डॉ. कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जब भी पश्चिमी विक्षोभ असरदार होते हैं तो ऐसा मौसम बन जाता है। अभी लगातार दो विक्षोभ की सक्रियता रही है इस कारण से तापमान में इतनी गिरावट दर्ज हुई है। अभी दो से तीन दिन बारिश होती रहेगी।
मंगलवार को हल्की होगी और बुधवार को तेज बारिश का अनुमान है। अभी गर्मी से एक हफ्ते तक तो राहत रहेगी। अगले सप्ताह से तापमान बढ़ने का अनुमान है। मंगलवार को ओलावृष्टि की संभावना नहीं है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button