छत्तीसगढ़
Trending

महासमुंद में पुलिस टीम पर जानलेवा हमला: फरार आरोपियों को पकड़ने गई टीम पर पथराव, टीआई समेत कई जवान घायल, 10 गिरफ्तार

महासमुंद, 13 अप्रैल 2026/ महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में आबकारी मामले के फरार आरोपितों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों और आरोपितों के परिजनों ने हमला कर दिया। आरोप है कि पुलिस टीम पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थरों से जानलेवा हमला किया गया।

इस हमले में सांकरा थाना प्रभारी उत्तम तिवारी, एक प्रधान आरक्षक और महिला आरक्षक समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमलावरों ने पुलिस वाहन के कांच भी तोड़ दिए।

घटना उस समय हुई जब पुलिस टीम आरोपित विजय और विनोद मार्कंडेय को पकड़कर वाहन में बैठाने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर पुलिस पर टूट पड़े। एक महिला आरोपी हेमा मार्कंडेय पुलिस वाहन के सामने लेट गई, जिसे हटाने के बाद पुलिस टीम आरोपितों को थाने ले जाने में सफल रही।

पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए 10 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें विजय, विनोद, छगन, लीला, ज्योति, विमला, खुशबू, ढेला बाई, संतोष टंडन और हेमा मार्कंडेय शामिल हैं। वहीं, अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा, दंगा और पुलिस पर हमले के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button