वेदांता पावर प्लांट हादसा : अब तक 13 मजदूरों की मौत, पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

रायपुर/सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर हुए भीषण बॉयलर ब्लास्ट हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में अब तक 13 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 26 से अधिक श्रमिक घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं कुछ मजदूरों के लापता होने की भी जानकारी सामने आ रही है, जिससे आशंका और बढ़ गई है।
पीएम मोदी ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।
प्लांट के बाहर परिजनों का हंगामा
हादसे के बाद प्लांट परिसर के बाहर परिजनों और मजदूरों में आक्रोश फैल गया। लोग प्रबंधन पर लापरवाही और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए मुआवजे और जवाबदेही की मांग कर रहे हैं। कुछ परिजन लापता मजदूरों की जानकारी न मिलने से बेहद परेशान हैं।
प्रशासन ने शुरू की जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।



