बस्तर से फिर हटेगी CRPF की बटालियन: 1000 से ज्यादा जवान मणिपुर भेजे जाएंगे, गृहमंत्री विजय शर्मा बोले- अब फोर्स की जरूरत कम

रायपुर, 16 नवंबर। छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए गए अभियान में मिली बड़ी सफलता के बाद अब बस्तर से केंद्रीय सुरक्षा बलों की वापसी शुरू हो गई है। बस्तर में लंबे समय से तैनात CRPF के 1000 से अधिक जवानों को मणिपुर भेजा जा रहा है। इसके अलावा आने वाले एक महीने में कुछ और बटालियनों को भी बस्तर से हटाया जा सकता है।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब केंद्रीय सुरक्षाबलों की पहले जैसी आवश्यकता नहीं रह गई है। राज्य में सुरक्षा की परिस्थितियों में आए बदलाव को देखते हुए बस्तर में तैनात जवानों को दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है।
पहले भी दूसरे राज्यों में भेजे जा चुके हैं जवान
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि बस्तर से केंद्रीय सुरक्षाबलों को दूसरे स्थानों पर भेजने की प्रक्रिया पहले भी जारी रही है। नक्सल विरोधी अभियान में मिली सफलता और सुरक्षा परिस्थितियों में आए बदलाव के आधार पर फोर्स की तैनाती में फेरबदल किया जा रहा है।
बता दें कि बस्तर में लंबे समय तक नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में CRPF और अन्य केंद्रीय सुरक्षा बलों की अहम भूमिका रही है। अब नक्सली गतिविधियों में कमी आने के बाद सुरक्षा बलों की तैनाती की समीक्षा की जा रही है।
आने वाले दिनों में कुछ और बटालियनों की वापसी हो सकती है। इससे बस्तर में केंद्रीय सुरक्षाबलों की मौजूदगी और तैनाती के स्वरूप में बदलाव देखने को मिल सकता है।



