छत्तीसगढ़

ग्राम कोलर में 11 नवंबर को होगा भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह: चिकित्सकों और 10वीं-12वीं के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करेंगे सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। ग्राम कोलर में प्रतिभाओं को सम्मानित करने और नई पीढ़ी को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ग्राम गौरव प्रतिभा परिवार सम्मान समारोह का आयोजन 11 नवंबर, बुधवार को किया जाएगा। समारोह में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सकों के साथ कक्षा 10वीं और 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू समारोह की अध्यक्षता करेंगे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में राजभाषा आयोग के अध्यक्ष प्रभात मिश्रा, यादव ठेठवार समाज के प्रदेशाध्यक्ष संतोष यदु, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु और जिला पंचायत रायपुर की सभापति अन्नू तारक की उपस्थिति प्रस्तावित है।

समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत लोककला पंडवानी की प्रस्तुति दुर्गा साहू द्वारा दी जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार, पिछले दो वर्षों से ग्रामवासियों और सहयोगकर्ताओं की सहभागिता से यह कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहा है। पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी इस आयोजन की सराहना की थी।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य गांव की प्रतिभाओं को एक साझा मंच प्रदान करना और उनकी उपलब्धियों को सम्मानित कर अन्य लोगों को प्रेरित करना है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी और चिकित्सा के माध्यम से मानव सेवा करने वाले चिकित्सक समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी उपलब्धियों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने से नई पीढ़ी को आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।

आयोजन समिति ने ग्रामवासियों, प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्य डिकेश्वर साहू, हरिराम यादव, सौम्य मिश्रा, टिकू साहू, रघुराम साहू, दीपक साहू, यशकुमार, गजेन्द्र साहू और गज्जू यादव जुटे हुए हैं।

समिति का कहना है कि यह समारोह केवल प्रतिभाओं का सम्मान करने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी प्रतिभा और अपने गांव के प्रति गौरव एवं जिम्मेदारी की सामूहिक अभिव्यक्ति है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button