बिलासपुर से 1008 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना, केंद्रीय राज्य मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

बिलासपुर, 26 मार्च 2026: रामलला दर्शन योजना एवं सामाजिक पहल के तहत 1008 श्रद्धालुओं का जत्था अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने पुलिस परेड मैदान में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, अटल श्रीवास्तव, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, समाजसेवी और यात्रा के संयोजक प्रवीण झा, जिलाध्यक्ष दीपक सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और उनके परिजन उपस्थित थे।

सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार रामलला दर्शन योजना के माध्यम से हजारों श्रद्धालुओं को पवित्र अयोध्या धाम तक पहुँचाने का पुण्य कार्य कर रही है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने इसे सदियों के संघर्ष के बाद प्राप्त आस्था का अवसर बताते हुए श्रद्धालुओं को सुखद और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
विधायक अमर अग्रवाल ने योजना को आस्था और संस्कृति से जोड़ने वाली पहल बताया, जबकि धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अब तक हजारों श्रद्धालु लाभान्वित हो चुके हैं। कार्यक्रम में प्रवीण झा की यात्रा के लिए की गई सामाजिक पहल की भी सराहना की गई।



