ऑपरेशन शंखनाद में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 8 गोवंश मुक्त, 1 आरोपी गिरफ्तार; पुराने केसों के 5 फरार भी पकड़े

जशपुर, 04 सितम्बर 2026। जिले में गोवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कुनकुरी थाना पुलिस ने 8 गोवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, सिटी कोतवाली पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पैदल झारखंड ले जाए जा रहे थे गोवंश
कुनकुरी पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर की रात पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम हर्राडांड के पास मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग टांगरबहरी रोड से गोवंशों को पैदल झारखंड की ओर ले जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान एक व्यक्ति को 8 गोवंशों के साथ पकड़ लिया गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान अशोक कुमार यादव (37), निवासी ग्राम वासुदेवपुर के रूप में हुई। पुलिस ने गोवंशों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद कुनकुरी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल फोन और लकड़ी का डंडा भी जब्त किया है।
पुराने दो मामलों में फरार 5 आरोपी गिरफ्तार
सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने पशु तस्करी के दो पुराने मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
पहला मामला 6 जनवरी 2026 को डूमरटोली क्षेत्र का है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 गोवंशों को मुक्त कराया था। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था। जांच के दौरान अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
दूसरा मामला 22 फरवरी 2026 का है। किनकेल क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 4 गोवंशों को मुक्त कराया था। इस मामले में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया था। आगे की जांच में अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आने के बाद पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई।
लगातार पतासाजी के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में फरार चल रहे पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ये आरोपी पकड़े गए
गिरफ्तार आरोपियों में बीरबल राम भगत (45), निवासी डूमरटोली; मोहम्मद अफसर खान (37), निवासी लोदाम; शाहिद खान (26), निवासी खरवाटोली; मुस्तकीम खान (48), निवासी मधुबन टोली और ताजुद्दीन खान (43), निवासी खरवाटोली शामिल हैं।
जनवरी से अब तक 985 गोवंश मुक्त
जशपुर पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन शंखनाद के तहत जनवरी 2026 से गोवंश तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 86 मामलों में 985 गोवंशों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया गया है।
इस दौरान पुलिस ने 92 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा, जबकि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 31 वाहन जब्त किए गए हैं।
तस्करी नेटवर्क पर भी पुलिस की नजर
पुलिस अब केवल मौके पर पकड़े जाने वाले आरोपियों तक कार्रवाई सीमित नहीं रख रही है। जांच के दौरान तस्करी के पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
SSP बोले- तस्करी में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि गोवंश तस्करी को लेकर जशपुर पुलिस बेहद संवेदनशील है। तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए मुखबिर तंत्र को और मजबूत एवं सक्रिय किया गया है।
उन्होंने कहा कि गोवंश तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर गिरफ्तारी की जाएगी और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



