
जगदलपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोधघाट थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से करीब 102.82 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 51 लाख 41 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बोधघाट थाना को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजा लेकर एक व्यक्ति आडावल रेलवे गेट के पास ग्राहकों की तलाश में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर इलाके में नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर एक युवक को पकड़कर पूछताछ की। आरोपी ने अपना नाम पवन नेताम, निवासी तुरेनार थाना नगरनार बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से करीब 2.58 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि यह गांजा ओडिशा के रायगढ़ा जिले से लाया गया था।
पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए ओडिशा के रायगढ़ा जिले के काशीपुर थाना क्षेत्र के दाबलीगुड़ा गांव में दबिश दी। यहां से गांजा सप्लायर हीरालाल नायक उर्फ खैर कवि नायक को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से करीब 100.24 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) और 20(b)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बस्तर क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



