छत्तीसगढ़
Trending

बलरामपुर में अवैध अफीम का नेटवर्क? दूसरे दिन भी खेत में मिली फसल, पुलिस जांच में जुटी

बलरामपुर। जिले में लगातार दूसरे दिन अवैध अफीम की खेती मिलने से पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। ताजा मामला करोंधा थाना क्षेत्र के चंदाडांडी गांव का है, जहां खेत में अफीम की फसल लहलहाती हुई मिलने की सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मिली जानकारी के अनुसार खेत की सुरक्षा के लिए पुलिस ने मौके पर डेरा डाल दिया है और पूरी रात निगरानी की व्यवस्था की गई है। पुलिस खेत और आसपास के क्षेत्र पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या साक्ष्य नष्ट होने की आशंका को रोका जा सके।

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी गांव में लगभग तीन एकड़ जमीन पर अवैध अफीम की खेती का मामला सामने आया था। लगातार दूसरे दिन इस तरह की घटना सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं।

बताया जा रहा है कि चंदाडांडी गांव झारखंड सीमा से लगा हुआ क्षेत्र है। इसे देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में पुलिस ने सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है। आसपास के गांवों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध खेती से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।

फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि अवैध अफीम की खेती के पीछे किन लोगों का हाथ है और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं। मामले की आधिकारिक पुष्टि और आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button