छत्तीसगढ़
Trending

पढ़ने आए बच्चे बाहर बैठे रहे: समय पर नहीं खुला स्कूल, जिला शिक्षा अधिकारी ने 6 शिक्षकों को भेजा नोटिस

सूरजपुर, 07 मार्च 2026। जिले के भैयाथान ब्लॉक के सांवारांवा गांव स्थित प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। स्कूल समय में विद्यालय का ताला नहीं खुलने से पढ़ने आए छात्र-छात्राएं बाहर ही बैठे रहे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया और जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक सहित 6 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के अनुसार 5 मार्च को सुबह करीब 11 बजे तक सांवारांवा के प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक शाला बंद पाए गए। विद्यालय परिसर में कोई भी शिक्षक या कर्मचारी मौजूद नहीं था, जबकि बच्चे पढ़ने के लिए स्कूल पहुंच चुके थे और बाहर ही बैठे रहे। शिक्षकों की अनुपस्थिति के कारण बच्चों को मध्यान्ह भोजन भी नहीं मिल सका।

ग्रामीणों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी मोबाइल के माध्यम से भैयाथान के विकासखंड शिक्षा अधिकारी को दी। सूचना मिलने के बाद अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कराया, जिसमें शिकायत सही पाई गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में भी बच्चे स्कूल के बाहर बैठे दिखाई दे रहे हैं और विद्यालय में ताला लटका हुआ नजर आ रहा है।

मामले को गंभीर मानते हुए जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा ने प्रधान पाठक सहित छह शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। नोटिस में कहा गया है कि विद्यालय समय में स्कूल बंद पाया जाना और शिक्षकों की अनुपस्थिति शासकीय दायित्व के प्रति गंभीर लापरवाही है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने संबंधित शिक्षकों को निर्देश दिया है कि वे स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने या संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button