छत्तीसगढ़रायपुर

मार्च में मई जैसी गर्मी: रायपुर में 37°C पहुंचा पारा, आज 38°C तक जाने के आसार; अगले 3 दिन और बढ़ेगी गर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और गर्मी का असर अब मार्च की शुरुआत में ही दिखाई देने लगा है। राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। मौसम विभाग के अनुसार आज तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

प्रदेश में दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी का दौर शुरू हो गया है। अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना जताई गई है। हालांकि फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर ओडिशा से विदर्भ तक दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर करीब 0.9 किमी ऊंचाई पर एक द्रोणिका (ट्रफ) बनी हुई है, लेकिन इसका प्रदेश के मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ रहा है। इसके कारण फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा।

रायपुर में आज आसमान साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। वहीं छत्तीसगढ़ में दिन के समय तेज गर्मी और सुबह-रात में हल्की ठंड महसूस हो रही है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम शुष्क ही रहेगा और तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी। इसके बाद अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

मौसम के आंकड़ों के अनुसार फरवरी में भी ठंड सामान्य से कम रही। हालांकि महीने के आखिरी दिनों में बादल, गरज-चमक और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की स्थिति बनी थी।

रायपुर के ऐतिहासिक मौसम रिकॉर्ड के अनुसार 9 फरवरी 1893 को यहां सबसे ज्यादा ठंड पड़ी थी, जब तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। वहीं 28 फरवरी 2009 को सबसे ज्यादा गर्म दिन दर्ज किया गया था, जब तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button