जानकीवन धाम में शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा: मंत्री राजेश अग्रवाल और विधायक भावना बोहरा ने की पूजा, प्रदेश की समृद्धि की कामना

कुंआ-बिपतरा, छत्तीसगढ़। जानकीवन धाम में आयोजित भव्य शिव मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा एवं महायज्ञ के अवसर पर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल और पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामवासियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा हमारी पहचान है। जानकीवन धाम जैसे स्थल श्रद्धा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आने वाले समय में यह स्थल एक प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित होगा।
वहीं, विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह आयोजन सनातन संस्कृति, एकजुटता और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलता है। साथ ही, सरकार धार्मिक स्थलों के विकास और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने आयोजन समिति और ग्रामवासियों को इस भव्य कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव को और मजबूत करते हैं।

यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



