बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: गेहूं से भरा ट्रक पलटा, नीचे दबे मिले 6 युवकों के शव; 7 घायल अस्पताल में भर्ती

बालोद, 25 सितम्बर 2026
बालोद जिले के मरकाटोला घाट के पास शुक्रवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गेहूं से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार 6 युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
हादसा जगदलपुर नेशनल हाईवे पर पुरूर थाना क्षेत्र में दोपहर करीब 1 बजे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक सड़क पर पलट गया और पिकअप में सवार कुछ युवक उसके नीचे दब गए। वहीं कुछ युवक टक्कर के बाद दूर जा गिरे।
जानकारी के मुताबिक, पिकअप में धुमाल बाजा और डीजे साउंड सिस्टम का सामान लदा था। इसमें कुल 13 युवक सवार थे, जो गणेश विसर्जन के बाद जगदलपुर जा रहे थे। मरकाटोला घाट के पास पिकअप खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी थी। बारिश से बचने के लिए सभी युवक पिकअप के अंदर बैठे हुए थे। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने पिकअप को टक्कर मार दी।
हादसे की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और मृतकों व घायलों की जानकारी जुटाई। गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है।
प्रारंभिक जानकारी में लगातार बारिश के चलते सड़क पर फिसलन को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार बताया जा रहा है।
सभी मृतक कवर्धा जिले के रहने वाले बताए गए हैं। धुमाल पार्टी के ये युवक जगदलपुर में गणेश विसर्जन के दौरान साउंड सिस्टम बजाने जा रहे थे।
मुख्यमंत्री साय ने जताया दुख
हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।



