भावना बोहरा ने महिलाओं को दी सौगात: पंडरिया में महिला चौपाटी शुरू, हुनर दिखाने के साथ आत्मनिर्भर बनने के मिलेंगे अवसर

पंडरिया, 18 अक्टूबर। महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में पंडरिया में नई पहल की गई है। विधायक भावना बोहरा ने नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 में सामुदायिक भवन के पास 30 लाख 93 हजार रुपये की लागत से नवनिर्मित महिला चौपाटी का लोकार्पण किया। इस सुविधा से क्षेत्र की महिलाओं को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने, छोटे व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिलने की उम्मीद है।
महिला चौपाटी का उद्देश्य महिलाओं को अपनी प्रतिभा और कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से महिलाएं छोटे व्यवसाय, स्थानीय उत्पादों की बिक्री और अन्य आजीविका संबंधी गतिविधियों को आगे बढ़ा सकेंगी। साथ ही, महिलाओं के बीच आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

लोकार्पण के अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल परिवार की उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सशक्त समाज और विकसित राष्ट्र के निर्माण का आधार है। जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनती हैं, तो वे अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
उन्होंने कहा कि 30.93 लाख रुपये की लागत से तैयार महिला चौपाटी माताओं-बहनों को अपने हुनर का उपयोग करने, स्वरोजगार अपनाने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर प्रदान करेगी। उनका संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा की महिलाएं आत्मविश्वास, सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ें।

विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता के साथ आजीविका, उद्यमिता और रोजगार के अवसरों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल, स्व-सहायता समूहों के जरिए आजीविका तथा छोटे व्यवसाय और उद्यम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता प्राप्त करने के अवसर मिलते हैं।
भावना बोहरा ने कहा कि महिला चौपाटी जैसी सुविधाएं महिलाओं को अपने उत्पादों और व्यवसायों को आगे बढ़ाने में सहायक हो सकती हैं। क्षेत्र की महिलाएं अपने कौशल, मेहनत और उद्यमशीलता के बल पर आर्थिक रूप से मजबूत बनें और परिवार के साथ क्षेत्र के विकास में भी योगदान दें, यही इस पहल का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान को प्राथमिकता देना उनकी प्रतिबद्धता है। महिला चौपाटी का लोकार्पण इसी दिशा में एक कदम है, जो महिला सशक्तिकरण, स्वावलंबन और सम्मान की भावना को मजबूत करने के साथ विकसित पंडरिया और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को आगे बढ़ाने में सहायक होगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मंजुला कुर्रे, उपाध्यक्ष सुमित तिवारी, मंडल अध्यक्ष रविश सिंह ठाकुर, पार्षदगण, एल्डरमैन, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



