छत्तीसगढ़
Trending

“स्वतंत्रता दौड़” में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक अनुज शर्मा ने युवाओं के साथ लगाई दौड़ – तिरंगे की शान और बलिदानियों को किया नमन

रायपुर, 14 अगस्त 2025।स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजधानी रायपुर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। तेलीबांधा तालाब से भारत माता चौक, शंकर नगर तक आयोजित “स्वतंत्रता दौड़” में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, मंत्री टंकराम वर्मा और विधायक अनुज शर्मा ने हजारों युवाओं के साथ दौड़ लगाकर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर भारत माता और अमर बलिदानी रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

मुख्यमंत्री साय ने ‘भारत माता की जय’ और ‘छत्तीसगढ़ महतारी की जय’ के उद्घोष के साथ कहा कि स्वतंत्रता दौड़ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का महान अनुष्ठान है, जो भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने तिरंगे को हमारी आन-बान-शान बताते हुए हर नागरिक से इसके मान-सम्मान की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक सशक्त और सम्मानित राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

साय ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में वीर जवानों के साहस और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में तिरंगा फहराने के प्रयासों को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि जहां कभी नक्सलियों का लाल झंडा लहराता था, वहां आज तिरंगा शान से लहरा रहा है।

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर स्वतंत्रता दिवस में पूरा देश तिरंगामय हो जाता है। तिरंगा यात्राएं और हर-घर तिरंगा अभियान ने इस पर्व को जन-जन से जोड़ दिया है। उन्होंने तिरंगे को करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं और वीरता, शांति एवं समृद्धि की अटल चेतना का प्रतीक बताया।

इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय, मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा सहित बड़ी संख्या में देशभक्त और अधिकारी उपस्थित रहे।


IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button