BPCL कर्मचारी ने नस काटकर दी जान: बंद कमरे से बदबू आने पर खुला राज, फर्श पर फैला खून

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के एक कर्मचारी ने अपनी कलाई की नस काटकर आत्महत्या कर ली। मृतक का शव उसके कमरे में खून से लथपथ हालत में मिला।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अतुल शर्मा (28) के रूप में हुई है, जो रायपुर के रायपुर के पुरानी बस्ती इलाके का रहने वाला था। वह रिटायर्ड रेंजर जितेंद्र शर्मा का बेटा था और पिछले कुछ समय से जगदलपुर के लालबाग इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि पिछले 2-3 दिनों से कमरे का दरवाजा बंद था। शुक्रवार सुबह कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां फर्श पर खून फैला हुआ था और बिस्तर पर अतुल का शव पड़ा मिला।
प्रारंभिक जांच में कलाई की नस काटकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों का खुलासा हो सकेगा।



