मनोरंजन

‘दृश्यम 3’ ने मचाया बॉक्स ऑफिस पर तहलका: पहले दिन 95 करोड़ पार, अजय देवगन की फिल्मों का टूटा रिकॉर्ड

मुंबई, 4 अक्टूबर। अजय देवगन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ ने रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त दस्तक दी है। 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले ही दिन वर्ल्डवाइड 95.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसी के साथ फिल्म अजय देवगन के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्म बन गई है।

सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने भारत में पहले दिन 66.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि फिल्म का इंडिया ग्रॉस कलेक्शन करीब 80.10 करोड़ रुपये रहा। फिल्म को देशभर में 15,759 शोज मिले थे।

रात के शोज में बढ़ी दर्शकों की भीड़

फिल्म के हिंदी 2D शोज में कुल 67.08 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। सुबह के शोज में शुरुआत थोड़ी धीमी रही, लेकिन दिन बढ़ने के साथ दर्शकों की संख्या लगातार बढ़ती गई। रात के शोज में फिल्म की ऑक्यूपेंसी 76.46 प्रतिशत तक पहुंच गई।

अजय देवगन की सबसे बड़ी ओपनिंग

‘दृश्यम 3’ ने अजय देवगन की पिछली बड़ी फिल्मों के ओपनिंग रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है। ‘सिंघम अगेन’ ने पहले दिन 43.70 करोड़, ‘सिंघम रिटर्न्स’ ने 32.09 करोड़ और ‘गोलमाल अगेन’ ने 30.14 करोड़ रुपये कमाए थे।

वहीं, ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों की तुलना करें तो ‘दृश्यम 2’ ने पहले दिन 15.38 करोड़ और पहली ‘दृश्यम’ ने 5.85 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी। ‘दृश्यम 2’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करीब 342 करोड़ और ‘दृश्यम’ का करीब 110 करोड़ रुपये रहा था।

‘उड़ता तीर’ की रिलीज टली

‘दृश्यम 3’ की मजबूत शुरुआत का असर दूसरी फिल्मों पर भी दिखाई देने लगा है। आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई है। पहले यह फिल्म 9 अक्टूबर को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी।

9 अक्टूबर को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक एंट्री ‘गोंधल’ समेत कई फिल्में रिलीज होने वाली हैं। ‘उड़ता तीर’ की रिलीज डेट इससे पहले भी बदली जा चुकी है।

क्या है ‘दृश्यम 3’ की खासियत?

‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी मलयालम फिल्म से प्रेरित है। हिंदी वर्जन में अजय देवगन मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता, मृणाल जाधव और रजत कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

इस बार अक्षय खन्ना की जगह जयदीप अहलावत ने पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है, जबकि प्रकाश राज वकील की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है और इसका निर्माण स्टार स्टूडियोज और पैनोरमा स्टूडियोज के बैनर तले हुआ है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button