पंडरिया के वनांचल में बनेंगी दो नई सड़कें : ₹9.33 करोड़ होंगे खर्च, विधायक भावना बोहरा ने किया भूमिपूजन

पंडरिया, 23 नवंबर। पंडरिया विधानसभा के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का काम शुरू होने जा रहा है। विधायक भावना बोहरा ने रविवार को कुल 9 करोड़ 33 लाख 1 हजार रुपए की लागत से होने वाले सड़क निर्माण और नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन किया।
इनमें लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 5 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपए की लागत से डेंगुरजाम से अमनिया तक 3.20 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाएगा। वहीं, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 3 करोड़ 61 लाख 42 हजार रुपए की लागत से देवसरा से कुई तक 7.4 किलोमीटर सड़क का नवीनीकरण होगा।

इन सड़कों के बनने से देवसरा, अमनिया, डेंगुरजाम और कुई सहित आसपास के दूरस्थ वनांचल गांवों को मुख्य मार्गों से बेहतर संपर्क मिलेगा। इससे ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा होगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक भावना बोहरा ने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ तभी सार्थक होता है, जब उसका लाभ अंतिम छोर पर बसे गांव और वहां रहने वाले प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। सड़कें विकास की आधारशिला हैं। इनके माध्यम से गांव शहरों से, किसान बाजारों से और विद्यार्थी शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए काम कर रही है। पंडरिया विधानसभा के वनांचल और आदिवासी क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। इस सौगात के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार जताया।
100 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण
विधायक ने बताया कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल क्षेत्रों में अब तक 100 किलोमीटर से अधिक सड़कों के निर्माण की दिशा में काम हुआ है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से 3500 आवास स्वीकृत किए गए हैं। विद्युत विहीन गांवों तक बिजली पहुंचाने के साथ टैंकरों और बोर खनन के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि दामापुर में लिंक कोर्ट की स्थापना से लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं गांव के नजदीक मिल रही हैं। वहीं, महाविद्यालयीन छात्राओं के लिए निःशुल्क बस सेवा शुरू होने से वनांचल की बेटियों को उच्च शिक्षा हासिल करने में मदद मिल रही है। इसके अलावा निःशुल्क एंबुलेंस सेवा और मोबाइल हेल्थ लैब के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भावना बोहरा ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार कर पंडरिया विधानसभा को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास जारी है। लक्ष्य क्षेत्र को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष बसंत वाटिया, मंडल महामंत्री सोनू सलूजा, दशरथ कुंभकार, वरिष्ठ भाजपा नेता उत्तम मस्कोले, जनपद पंचायत अध्यक्ष नंदिनी साहू, रतिराम भट्ट, सरपंच हेमा भट्ट सहित भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



