छत्तीसगढ़

हादसे के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ लौटेंगे किरण सिंह देव, कल रायपुर पहुंचेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष; एयरपोर्ट पर जुटेंगे कार्यकर्ता

रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव लंबे इलाज के बाद कल 23 सितंबर को रायपुर लौटेंगे। उनके छत्तीसगढ़ वापस लौटने की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए पार्टी के नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचेंगे।

29 जुलाई को हुआ था सड़क हादसा

किरण सिंह देव 29 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में सड़क हादसे का शिकार हुए थे। वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम से लौट रहे थे। इसी दौरान झांसी-ललितपुर हाईवे-44 पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई थी। हादसे में किरण सिंह देव और उनके चालक को चोटें आई थीं।

पहले झांसी, फिर दिल्ली में चला इलाज

हादसे के तुरंत बाद उन्हें तालबेहट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके अगले दिन 30 जुलाई को दिल्ली के मेदांता अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार शुरू हुआ।

हादसे में उनके पैर, कमर और कूल्हे में चोट आई थी। लंबे समय तक चले उपचार और स्वास्थ्य लाभ के बाद अब उनकी स्थिति में सुधार हुआ है और वह छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं।

इलाज के दौरान भी संगठन से जुड़े रहे

स्वास्थ्य लाभ के दौरान भी किरण सिंह देव संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहे। सितंबर की शुरुआत में उन्होंने दिल्ली से मोबाइल के जरिए बस्तर जिला भाजपा कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित भी किया।

कल एयरपोर्ट पर होगा स्वागत

किरण सिंह देव के रायपुर लौटने को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। पार्टी के नेता और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एयरपोर्ट पहुंचकर उनका स्वागत करेंगे। लंबे अंतराल के बाद प्रदेश अध्यक्ष की छत्तीसगढ़ वापसी को लेकर पार्टी संगठन में भी तैयारियां की जा रही हैं।

23 सितंबर को रायपुर पहुंचने के बाद किरण सिंह देव के स्वास्थ्य और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की नजर रहेगी।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button