फेसबुक पर लिखा- रावण नहीं, ऋषि-मुनियों को जलाओ: जशपुर में धार्मिक पोस्ट पर बवाल, शिक्षक गिरफ्तार

जशपुर, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों को लेकर कथित आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है। वह बगीचा ब्लॉक के कूदमुरा स्थित मिडिल स्कूल में पदस्थ है। फेसबुक पर की गई पोस्ट को लेकर विवाद बढ़ने के बाद हिंदू संगठन ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
फेसबुक पोस्ट को लेकर हिंदू संगठन ने जताई नाराजगी
पुलिस के अनुसार, चराईडांड़ निवासी और विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष करनैल सिंह (54) ने 17 अक्टूबर 2026 को कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 15 अक्टूबर को फेसबुक पर हेमंत बेदी नाम के अकाउंट से एक पोस्ट देखी थी। आरोप है कि पोस्ट में हिंदू धर्मग्रंथों और ऋषि-मुनियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। पोस्ट में कथित तौर पर रावण के बजाय ऋषि-मुनियों को जलाने जैसी बात लिखी गई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इस पोस्ट से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और लोगों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने पुलिस को पोस्ट की कॉपी सौंपते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश, टीम ने पकड़ा
शिकायत के आधार पर कुनकुरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम बिहावत निवासी हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई। पुलिस टीम भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस देने के लिए आरोपी के पास पहुंची थी।
पुलिस के मुताबिक, टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपनी गलती स्वीकार की। पुलिस ने पोस्ट करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया। इसके बाद 17 अक्टूबर को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसएसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश, एएसपी राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन और कुनकुरी एसडीओपी राजेश कुमार साहू के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार चंद्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए।
धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना गंभीर विषय है। धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने या समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी होने की बात कही है।



