छत्तीसगढ़

बालोद में शिव मंदिर में घुसा भालू: CCTV वीडियो सामने आते ही गांव में दहशत, वन विभाग अलर्ट

बालोद, 19 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भालू की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भालूकोन्हा गांव में शनिवार देर रात तालाब के पास स्थित शिव मंदिर परिसर में एक भालू पहुंच गया। मंदिर में लगे CCTV कैमरे में भालू की गतिविधियां कैद हो गईं। इसका वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग ने आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी है।

एक महीने से गांव के आसपास घूम रहा भालू

ग्रामीणों के मुताबिक, भालू पिछले करीब एक महीने से भालूकोन्हा और आसपास के इलाकों में लगातार दिखाई दे रहा है। भोजन की तलाश में वह रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। बताया जा रहा है कि भालू घरों में रखे तेल और अन्य खाद्य पदार्थों की ओर आकर्षित हो रहा है। उसकी लगातार मौजूदगी के कारण ग्रामीण रात के समय घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं।

शिव मंदिर के CCTV में कैद हुई हलचल

गांव के शिव मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भालू की गतिविधियां रिकॉर्ड हुई हैं। करीब एक मिनट का वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू को सुरक्षित तरीके से रिहायशी क्षेत्र से दूर करने की मांग की है। लोगों को आशंका है कि भालू की अचानक मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना का खतरा पैदा हो सकता है।

वन विभाग ने बढ़ाई गश्त, ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह

डौंडीलोहारा रेंज अधिकारी प्रवेश सोनी के अनुसार, भालूकोन्हा, जाटादाह और पिंगाल सहित आसपास के गांवों में वन विभाग की टीमों को सतर्क किया गया है। क्षेत्र में गश्त बढ़ाने के साथ मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर जाने से बचने, भालू दिखाई देने पर उसके करीब नहीं जाने और किसी भी गतिविधि की तत्काल सूचना विभाग को देने की अपील की है। फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रख रही है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button