छत्तीसगढ़
Trending

छत्तीसगढ़ शासन की संवेदनशील पहल : कर्नाटक में फंसे 25 श्रमिकों का कराया गया सुरक्षित रेस्क्यू

रायपुर, 29 नवंबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन श्रमिकों के हितों की रक्षा एवं उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिला प्रशासन की त्वरित पहल से कर्नाटक के बेलगावी जिले में मजदूरी भुगतान नहीं होने के कारण फंसे छत्तीसगढ़ एवं महाराष्ट्र के 25 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू कराया गया है। प्रशासन के प्रभावी हस्तक्षेप एवं अंतर्राज्यीय समन्वय से श्रमिकों को उनकी संपूर्ण बकाया मजदूरी 42 हजार 960 रुपए का भुगतान भी कराया गया।

मोहला थाना अंतर्गत ग्राम रामगढ़ क्षेत्र के छत्तीसगढ़ के 21 एवं महाराष्ट्र के 4 श्रमिक कर्नाटक के बेलगावी जिले के कित्तूर तालुका में गन्ना कटाई के लिए गए थे। कार्य पूर्ण करने के बावजूद मजदूरी का भुगतान नहीं होने से श्रमिक वहां फंस गए थे। इसकी सूचना मिलते ही कलेक्टर तनुजा सलाम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के निर्देश दिए।

विशेष रेस्क्यू दल भेजकर श्रमिकों को दिलाई बकाया मजदूरी

जिला प्रशासन द्वारा राजस्व, श्रम एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को शामिल करते हुए विशेष अंतर्राज्यीय रेस्क्यू दल गठित कर कर्नाटक रवाना किया गया। रेस्क्यू दल ने 27 नवंबर को बेलगावी जिला प्रशासन एवं स्थानीय पुलिस के सहयोग से कित्तूर तालुका के ग्राम शिवनूर में पहुंचकर सभी 25 श्रमिकों का सुरक्षित रेस्क्यू किया। संयुक्त टीम ने संबंधित खेत मालिक से श्रमिकों के कार्य दिवसों की गणना के आधार पर कित्तूर पुलिस थाना परिसर में ही संपूर्ण बकाया मजदूरी का भुगतान कराया।

सुरक्षित लौटे श्रमिकों का किया गया आत्मीय स्वागत

कर्नाटक से सकुशल मोहला पहुंचे श्रमिकों का अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे ने आत्मीय स्वागत कर उनका हालचाल जाना। श्रमिकों ने अपनी सुरक्षित वापसी एवं बकाया मजदूरी का भुगतान कराने के लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशासन द्वारा सभी श्रमिकों को उनके गृह ग्राम तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

छत्तीसगढ़ एवं कर्नाटक के जिला प्रशासन, राजस्व, श्रम एवं पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय से संचालित यह अभियान श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा और उनके प्रति शासन-प्रशासन की संवेदनशीलता का उदाहरण है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button