छत्तीसगढ़

एक डूबने लगी तो बचाने उतरीं बाकी दो सहेलियां, तीनों की मौत: कोरबा में तालाब किनारे मिले कपड़े-चप्पल, गांव में पसरा मातम

कोरबा, 18 सितंबर 2026 छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तालाब में डूबने से तीन मासूम सहेलियों की मौत हो गई। घटना पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव की है। तीनों बच्चियां गुरुवार को स्कूल नहीं गई थीं और दोपहर में तालाब में नहाने पहुंची थीं। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान तालाब के किनारे बच्चियों के कपड़े और चप्पलें मिलीं। इसी बीच एक बच्ची का शव पानी में तैरता दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला। इसके बाद तालाब में तलाशी अभियान चलाकर दोनों अन्य बच्चियों के शव भी बरामद किए गए।

मृत बच्चियों की पहचान इंदु अगरिया (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों नुनेरा गांव की रहने वाली थीं और कक्षा पहली में पढ़ती थीं। उनके पिता किसान परिवार से हैं।

शाम को घर नहीं लौटीं तो शुरू हुई तलाश

बताया गया कि गुरुवार को बच्चियों के परिजन काम पर गए थे। इसी दौरान तीनों स्कूल जाने के बजाय तालाब में नहाने चली गईं। शाम को परिजन घर लौटे तो बच्चियां वहां नहीं मिलीं। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई।

एक ग्रामीण तालाब की ओर पहुंचा तो मेड़ पर तीनों के कपड़े और चप्पलें दिखाई दीं। पानी में इंदु का शव तैरता मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में तलाश शुरू की, जिसके बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

एक को बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी डूबीं?

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि नहाने के दौरान पहले एक बच्ची गहरे पानी में चली गई होगी। उसे बचाने के प्रयास में बाकी दोनों भी पानी में उतर गईं और तीनों डूब गईं। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। तालाब से एक बच्ची का शव बरामद होने के बाद अन्य दोनों की तलाश की गई और उनके शव भी मिल गए। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और किसान परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

IMG 20250811 172353
Manish Tiwari

Show More

Related Articles

Back to top button